इंटरनेशनल

Paris Olympic-2024 : सोने में कितना सोना है?

क्‍या ओलिंपिक का आयोजन आमदनी चवन्‍नी, खर्चा रुपया है? ओलिंपिक में क्‍या कभी निर्वस्‍त्र प्रतिस्‍पर्धा होती थी?

Paris Olympic-2024 : सोने में कितना सोना है? क्‍या ओलिंपिक का आयोजन आमदनी चवन्‍नी, खर्चा रुपया है? ओलिंपिक में क्‍या कभी निर्वस्‍त्र प्रतिस्‍पर्धा होती थी?

Paris Olympic-2024, पेरिस ओलिंपिक 2024, स्‍वर्ण पदक, सबसे पहला ओलिंपिक, चार वर्ष में ही क्‍यों ओलिंपिक,

पेरिस, 25 जुलाई। समर ओलिंपिक 2024 का फ्रांस की राजधानी पेरिस [Paris Olympic-2024] में शुक्रवार, 26 जुलाई को रंगारंग आगाज भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरू हो जाएगा। इसराइल-हमास संघर्ष, रूस-यूक्रेन युद्ध और अमेरिकी राष्‍ट्रपति चुनाव की गहमागहमी के बीच 11 अगस्‍त तक होने वाले खेल के सबसे बड़े आयोजन पर दुनियाभर के खेलप्रेमियों की नजरें लगी हुई हैं। दुनियाभर के खेलप्रेमी खेलों का आनंद लेने के लिए पेरिस तो पहुंच ही रहे हैं, अन्‍य लाखों दर्शकों को घर बैठे 3.5 लाख घंटे लाइव प्रसारण देखने का भी मिलेगा। आइए, सवाल-जवाब के रूप में जानते हैं अब तक के ओलिंपिक के सफर की रोचक जानकारियां :-

क्‍या स्‍वर्ण पदक पूरा सोने का बना होता है?

  • नहीं। प्रथम स्‍थान पर आने पर खिलाडि़यों को मिलने वाला सोने का तमगा दिखने में तो ठोस नजर आता है, लेकिन यह पूरा सच नहीं है। वह वास्‍तव में चांदी और तांबा का होता है और उस पर IOC के नियमों के मुताबिक मात्र 6 ग्राम सोने की परत होती है। 1896 और 1900 के दो शुरूआती ओलिंपिक में तो स्‍वर्ण पदक नाम की कोई चीज थी नहीं। तब खिलाड़ियों को केवल चांदी का पदक ही दिया गया था। 1904 से स्‍वर्ण, रजत और कांस्‍य पदक की शुरूआत हुई।

क्‍या शुरुआत में ओलिंपिक्‍स में निर्वस्‍त्र प्रतिस्‍पर्धा होती थी?

  • नहीं। यह पूरा सच नहीं है। प्राचीन यूनानी कहानियों में यह कहा जाता है कि 720 ईसा पूर्व में मेगारा के ओर्सिपस नाम का एक एथलीट दौड़ रहा था, इसी दौरान उसकी लुंगी खुल गई। इसके बावजूद उसने दौड़ना बंद नहीं किया और वह रेस जीत गया। ओर्सिपस की इस सफलता से प्रभावित हो कर बाद में स्पर्धा में दिलचस्‍पी रखने वाले एथलीट इसी तरह नग्‍न होकर दौड़ने लगे।

तब खेल का आयोजन एक ही दिन होता था। बाद में इसे 4 दिन किया गया। जब 1800 के दशक में ओलंपिक फिर से लोकप्रिय हो गया तो पूरे कपड़े पहनकर ही एथलीट स्‍पर्धा में हिस्‍सा लेने लगे। पांचवें दिन इनाम बंटते थे।

Paris Olympic 2024

क्‍या सबसे पहले ओलिंपिक 776 ईसा पूर्व हुआ था?

  • हां। एथेंस में 776 ईसा पूर्व में पहला ओलिंपक आयोजित हुआ था। इसे प्राचीन ग्रीस में त्‍योहारों में मुख्‍य अनुष्ठान की तरह मनाया जाता था। इसका जिक्र महान दार्शनिक अरस्तू ने भी किया है। उस समय की पुरातात्विक खोजों से भी इसका पता चलता है।

ओलिंपिक का आयोजन चार वर्ष में ही क्‍यों होता है?

  • प्रचीन काल में यूनान में इसका आयोजन चार वर्ष के अंतराल पर होता था। इस अंतराल को ओलिंपियाड नाम दिया गया और उस समय इसका उपयोग डेटिंग के लिए किया जाता था। इसमें वर्ष की नहीं, समय की गणना की जाती है। उसी परंपरा में आधुनिक ओलिंपिक भी चार वर्ष के अंतराल पर होते हैं।

क्‍या कभी संगीत, लेखन, चित्रकला भी ओलिंपिक का हिस्‍सा थे?

  • हां। 1912 से 1948 तक के बीच, चित्रकार, मूर्तिकार, वास्तुकार, लेखक और संगीतकार सभी पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करते थे। इनमें से प्रत्येक अलग-अलग कला को अपना खेल माना जाता था। 1948 के खेलों के बाद जब इसमें प्रवेश करने वाले कलाकारों की संख्या घट गई तो इन्हें ख़त्म कर दिया गया। इस दौरान विजेता कलाकारों को 151 पदक मिले, लेकिन उन्‍हें उनके देश की पदक संख्‍या में नहीं जोड़ा गया।

वह कौन-सा वर्ष था, जब सभी भाग लेने वाले देशों ने महिला खिलाड़ी भेजी थीं?

  • वर्ष 2012 के लंदन ओलिंपिक में। जब हर देश में खेलों में हिस्‍सा लेने के लिए अपने यहां से महिला खि‍लाड़ियों को भेजा। ब्रूनेई, सऊदी अरब और कतर ने भी पहली बार अपनी-अपनी टीमों में महिला खिलाड़ियों को शामिल किया। 1896 के एथेंस ओलिंपिक में केवल पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्‍सा लिया था।

क्‍या ओलिंपिक खेल गांव में कंडोम बांटे जाते हैं?

  • हां। ओलिंपिक खेल गांव में खिलाड़ियों को कंडोम बांटने की परंपरा 1988 के सियोल ओलिंपिक में शुरू हुई। इसी परंपरा का पालन करते हुए, पेरिस ओलिंपिक-2024 में हजारों प्रतियोगियों को 3 लाख कंडोम बांटे जाएंगे। सबसे ज्‍यादा कंडोम बांटने का रिकॉर्ड ब्राजील में 2016 में आयोजित रियो ओलिंपिक का है, जब50 लाख कंडोम बांटे गए थे। खिलाड़ियों के अलग ठहरने की व्‍यवस्‍था 1932 से शुरू हुई। खिलाड़ी जहां ठहरते हैं, उसे ओलिंपिक गांव कहा जाता है।

ऐसे कितने देश हैं, जिन्‍होंने अभी तक ओलिंपिक में एक भी पदक नहीं जीता है?

  • 128 वर्ष के आधुनिक ओलिंपिक के इतिहास में 65 ऐसे देश हैं, जिनके खिलाड़ियों में से कोई भी एक भी पदक नहीं जीत पाया है। इनमें भारत का पड़ोसी देश बांग्‍लादेश भी शामिल है।

किस ओलिंपिक में खिलाड़ियों की सर्वाधिक संख्‍या रही है?

  • जापान में टोक्‍यो में 2021 में आयोजित ओलिंपिक खेलों में अभी तक के सर्वाधिक 11,400 खिलाड़ियेां ने हिस्‍सा लिया था। पेरिस ओलिंपिक में यह संख्‍या 10,500 है।

क्‍या ओलिंपिक आयोजन का जिम्‍मा देश को मिलता है?

  • नहीं। International Olympic Committee से ग्रीष्‍म या शीत ओलिंपिक के आयोजन का अधिकार देशों को नहीं, बल्कि शहरों को मिलता है। जिस शहर को इसके आयोजन का जिम्‍मा मिलता है, उसी शहर के नाम से उसे जाना जाता है।

अभी तक कितने देशों ने सभी ग्रीष्‍म ओलिंपिक में भाग लिया है?

  • इनकी संख्‍या मात्र पांच है, जिन्‍होंने अभी तक आयोजित सभी ओलिंपिक में भाग लिया है। ये हैं-फ्रांस, ऑस्‍ट्र‍ेलिया, ग्रेट ब्रिटेन, ग्रीस और स्विट्जरलैंड।

क्‍या ओलिंपिक का आयोजन महंगा सौदा है?

  • हां। आमदनी अठन्‍नी, खर्चा रुपया जैसा हाल है। 2008 के बीजिंग ग्रीष्म ओलिंपिक के आयोजन में सबसे अधिक 52.7 अरब डॉलर (4415 अरब रुपए) फूंके गए थे, लेकिन बदले में केवल 3.6 डॉलर (301 अरब रुपए) की ही आमदनी हुई थी। 2014 के सोची विंटर ओलिंपिक में तो 59.7 अरब डॉलर (5002 अरब रुपए) खर्च हुए थे, जो अब तक का सर्वाधिक खर्च है।

ओलिंपिक का सबसे अधिक बार आयोजन किस देश ने किया?

  • समर और विंटर दोनों तरह के ओलिंपिक सबसे ज्‍यादा बार कराने का रिकॉर्ड अमेरिका के नाम है। उसने 4-4 बार दोनों ओलिंपिक आयोजित किए हैं-1904, 1932, 1984, 1996, 1932, 1960, 1980, 2002 में। नौवां आयोजन 2028 में लॉस एंजेलिस में होगा।

ओलिंपिक मेडल जीतने वाला सबसे छोटा देश कौन-सा है?

  • ओलिंपिक मेडल जीतने वाला सबसे छोटा देश लिकटेंस्टाइन है, लेकिन उसने यह उपलब्धि विंटर ओलिंपिक में हासिल की है। समर ओलिं‍पिक में मेडल जीतने वाला सबसे छोटा देश ग्रैनेडा है, जब 2012 के लंदन ओलिंपिक में करानी जेम्‍स ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में गोल्‍ड मेडल जीता था। आबादी के हिसाब से बात करें तो यह देश बर्मूडा है। बर्मूडाई खिलाड़ी क्‍लेरेंस ने 1976 के ओलिंपिक में बॉक्सिंग में कांस्‍य जीता था। हालांकि ओलिंपिक खेलों में भाग लेने वाला सबसे छोटा देश मोनाको है, लेकिन उसने अभी तक कोई मेडल नहीं जीता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Oktoberfest ; 6 exciting activities to experience Canary Islands : 8 appealing attractions 8 best things to do at the Cliffs of Moher Beetroot: 8 ways to consume for maximum benefits Malabar Spinach : 6 benefits for good health